उत्तरी चीन के ताइयुआन में ऊंची इमारत में आग, 14 लोगों की मौत
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार 25 लोग अब भी अस्पताल में हैं, जिनमें नौ गंभीर रूप से घायल हैं। आग की वजह की जांच हो रही है।
उत्तरी चीन के शानशी प्रांत की राजधानी ताइयुआन में एक ऊंची इमारत में लगी आग में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने 9 नवंबर को यह जानकारी दी।
आग 8 नवंबर को स्थानीय समय के अनुसार शाम 4.59 बजे (भारतीय समय दोपहर 2.29 बजे) शहर के बीचों-बीच एक इमारत में लगी। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक स्थानीय यिंगज़े ज़िला सरकार ने इमारत का नाम हाओशेंग इंटरनेशनल अपार्टमेंट बताया।
दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे बाद आग बुझा दी। बचाव कार्य रात 8.30 बजे तक पूरा हुआ और 38 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। 8 नवंबर की देर रात तक पांच मौतों की पुष्टि हुई थी, जो अगले दिन बढ़कर 14 हो गईं।
सरकारी मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि 9 नवंबर की दोपहर तक 25 लोग अस्पताल में थे, जिनमें से नौ गंभीर रूप से घायल हैं। आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।